Home » बुलंदशहर » स्मार्ट मीटर समस्याओं को लेकर डीएम की अध्यक्षता में बैठक, किसानों ने रखीं समस्याएं

स्मार्ट मीटर समस्याओं को लेकर डीएम की अध्यक्षता में बैठक, किसानों ने रखीं समस्याएं

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

बुलंदशहर : 7 / मई / 2026 :  जनपद बुलंदशहर में स्मार्ट मीटरों से संबंधित समस्याओं को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह, विद्युत विभाग के अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक संगठन की ओर से राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष मांगेराम त्यागी, चौधरी कुलदीप गुड्डू, जिला संरक्षक राधेश्याम, प्रदेश उपाध्यक्ष युवा, जिला अध्यक्ष शैलेंद्र आर्य समेत बड़ी संख्या में किसान, व्यापारी, अधिवक्ता, मजदूर एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्मार्ट मीटरों से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए उपभोक्ताओं की शंकाओं का समाधान करने का प्रयास किया तथा किसानों की समस्याओं को सुनकर उनके निस्तारण का आश्वासन दिया।

बैठक में वक्ताओं ने सरकार द्वारा पूर्व की भांति लागू की गई बिजली बिल योजना का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। किसान नेता मांगेराम त्यागी ने कहा कि स्मार्ट मीटरों से संबंधित समस्याओं को लेकर संगठन द्वारा पूरे प्रदेश में आवाज उठाई गई थी, जिस पर मुख्यमंत्री ने संज्ञान लेते हुए राहत देने का कार्य किया है। उन्होंने प्रदेश के किसानों की ओर से मुख्यमंत्री को धन्यवाद एवं साधुवाद दिया।

किसान नेताओं ने विद्युत विभाग से संबंधित विभिन्न समस्याओं का लिखित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा, जिस पर अधिकारियों ने शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया। चौधरी कुलदीप गुड्डू ने कहा कि किसानों, व्यापारियों, अधिवक्ताओं, मजदूरों एवं अन्य गणमान्य लोगों की बड़ी संख्या में उपस्थिति यह दर्शाती है कि स्मार्ट मीटर का मुद्दा आम जनता से जुड़ा हुआ है। उन्होंने जिलाधिकारी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारियों के साथ किसानों की वार्ता सकारात्मक रही। बैठक के अंत में किसानों ने “जय जवान, जय किसान” के नारों के साथ संगठन के प्रति समर्थन व्यक्त किया।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment