जहांगीराबाद : 20 / मई / 2026 : क्षेत्रीय विधायक संजय शर्मा ने नगर की अनाज मंडी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर में फैली गंदगी, जगह-जगह पड़े कूड़े के ढेर और खराब सफाई व्यवस्था को देखकर विधायक ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
विधायक ने मंडी परिसर का भ्रमण कर विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान व्यापारियों और किसानों ने भी मंडी में व्याप्त समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। व्यापारियों ने बताया कि लंबे समय से नियमित सफाई नहीं होने के कारण मंडी में गंदगी का अंबार लगा रहता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक खराब हो जाती है।

विधायक संजय शर्मा ने कहा कि अनाज मंडी किसानों और व्यापारियों से जुड़ा महत्वपूर्ण केंद्र है, इसलिए यहां साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं का बेहतर होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मंडी परिसर में नियमित सफाई अभियान चलाया जाए तथा जल निकासी और कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विधायक के निरीक्षण के बाद मंडी प्रशासन में हड़कंप मच गया।
इस दौरान मंडी व्यापार मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश गर्ग के नेतृत्व में विधायक का स्वागत किया गया। मौके पर चेयरमैन किशनपाल सिंह लोधी, भाजपा मंडल अध्यक्ष कैलाश सैनी, पूर्व चेयरमैन पति कृष्णकांत, सभासद पति आदेश शर्मा, नामित सभासद विष्णु बाबा, रिकू राणा, ज्ञानेंद्र शर्मा, रामपाल लोधी, मंडी समिति के अधिकारी, कर्मचारी, व्यापारीगण तथा भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
औचक निरीक्षण के दौरान विधायक संजय शर्मा को नगरपालिका द्वारा निर्मित शौचालय पर ताला लगा मिला। वहीं आसपास गंदगी के ढेर भी पड़े मिले, जिसे देखकर विधायक भड़क गए। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर मंडी की सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
![]()
