चोला : 30 / मई / 2026 : जिला बुलंदशहर की सिकंदराबाद तहसील के चोला क्षेत्र में चोला रेलवे स्टेशन स्थित ओवरब्रिज के नीचे सड़क की बदहाल स्थिति लोगों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बन गई है। ओवरब्रिज के नीचे अलग-अलग स्थानों पर सड़क टूट जाने से बजरी सड़क पर बिखर गई है, जिससे यहां से गुजरने वाले बाइक सवारों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा लगातार बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार ओवरब्रिज के नीचे सड़क पर तीव्र मोड़ होने के कारण वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है। सड़क टूटने और बजरी फैल जाने से कई बार बाइक फिसल चुकी हैं, जिससे अनेक लोग घायल हो चुके हैं और कुछ को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती भी कराना पड़ा।
यह मार्ग ग्राम खवासपुर, सुल्तानपुर, वंचावली, नवादा, चोला, फौलादपुर, कोदू, रसूलपुर रिठौरी, निठारी, आलियाबाद, धमेड़ा, नारा, फतेहपुर जादौन समेत दर्जनों गांवों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। बड़ी संख्या में ग्रामीण प्रतिदिन बाइक से चोला रेलवे स्टेशन पहुंचकर ट्रेन के माध्यम से नोएडा और दिल्ली नौकरी करने जाते हैं।
समाजसेवी कैप्टन चौधरी सतेंद्र सिंह ने बताया कि यह सड़क लगभग डेढ़ वर्ष पहले लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा बनाई गई थी, लेकिन वर्तमान में इसकी हालत बेहद खराब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन आज तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। परिणामस्वरूप आए दिन बाइक सवार फिसलकर घायल हो रहे हैं।
ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने प्रशासन एवं पीडब्ल्यूडी विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने तथा दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।
![]()
