Home » उत्तर प्रदेश » गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं के उत्पीड़न का आरोप, सिलेंडर के साथ जबरन पाइप देने की शिकायत

गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं के उत्पीड़न का आरोप, सिलेंडर के साथ जबरन पाइप देने की शिकायत

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

सुनील पाठक , गोरखपुर

 

महराजगंज : 10 / जून / 2026 :  आनंद नगर तहसील क्षेत्र में मंडी परिषद के समीप स्थित एक गैस एजेंसी पर एलपीजी उपभोक्ताओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी द्वारा गैस सिलेंडर वितरण में मनमानी की जा रही है तथा सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं को जबरन गैस पाइप खरीदने के लिए बाध्य किया जा रहा है।

केआरजे न्यूज़ टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर जानकारी लेने पर कई उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस सिलेंडर उन्हीं लोगों को दिया जा रहा है जो पर्ची कटवाने के साथ नया गैस पाइप भी खरीद रहे हैं। इससे एक सिलेंडर की कुल लागत करीब 1200 से 1300 रुपये तक पहुंच रही है। आरोप है कि जो उपभोक्ता गैस पाइप लेने से मना कर देते हैं, उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं दिया जाता।

उपभोक्ताओं के अनुसार इस व्यवस्था से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को इसी मुद्दे को लेकर गैस एजेंसी परिसर में कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति भी बन गई थी, हालांकि बाद में कुछ स्थानीय लोगों और संभ्रांत नागरिकों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया।

कुछ उपभोक्ताओं ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि वे सुबह करीब 6:30 बजे से लाइन में लगे हुए थे, लेकिन दोपहर 12:30 बजे तक भी उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल सका। उनका आरोप है कि प्रभावशाली लोगों को प्राथमिकता देकर सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जबकि आम उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस वितरण के दौरान प्रशासनिक निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही एजेंसी के स्टॉक, वितरण रजिस्टर तथा रिकॉर्ड की निष्पक्ष जांच कराई जाए, क्योंकि रिकॉर्ड में गड़बड़ी की आशंका भी जताई जा रही है।

इस संबंध में फरेंदा के एसडीएम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल व्यस्त मिला। वहीं पूर्ति विभाग के संबंधित अधिकारी का मोबाइल स्विच ऑफ बताया गया। ऐसे में उपभोक्ताओं ने सवाल उठाया है कि यदि जिम्मेदार अधिकारी आम जनता की शिकायतें सुनने के लिए उपलब्ध नहीं होंगे तो सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक कैसे पहुंचेगा।
फिलहाल मामले में संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उपभोक्ता प्रशासन से निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment

Latest Video

Advertisement

Gold and Silver price

मौसम की जानकारी

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This