गाजियाबाद : 11 / जून / 2026 : राष्ट्रीय सैनिक संस्था की स्थानीय इकाई आकाश नगर एवं आकाश नगर विकास सेवा समिति (आरडब्ल्यूए) के अथक प्रयासों से आकाश नगर-डासना सड़क निर्माण कार्य को वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल कर लिया गया है। इस निर्णय से क्षेत्र के निवासियों, पूर्व सैनिकों एवं देशभक्त नागरिकों में खुशी की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु प्रस्तावित कार्ययोजना में आईडियल कॉलेज से आकाश नगर होते हुए डासना तक मुख्य सड़क के नव निर्माण को शामिल किया गया है। यह कार्य उत्तर प्रदेश ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा कराया जाएगा। सड़क निर्माण के लिए लगभग 80 लाख रुपये का बजट प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप एवं विधायक धर्मेश तोमर के आवंटित निधि से उपलब्ध कराया जाएगा।

सड़क निर्माण की स्वीकृति दिलाने के लिए राष्ट्रीय सैनिक संस्था एवं आरडब्ल्यूए आकाश नगर की टीम ने कई बार अधिशासी अभियंता राम राजा से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्या को प्रमुखता से उठाया। इस अभियान का नेतृत्व कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी (वीर चक्र) ने किया।
इस दौरान आकाश नगर इकाई के अध्यक्ष जिले सिंह तेवतिया, कोषाध्यक्ष सूबेदार ओम पाल सिंह, संरक्षक शिव कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष प्यारे लाल, कर्मवीर चौहान, शोकिंदर भाटी, उदय वीर, प्रदीप राणा, कृष्णा पिलानिया, संदीप चौधरी, अजय तोमर, लेफ्टिनेंट वेद प्रकाश शर्मा, देवेंद्र चौहान, रवि कुमार शक्य, पवन यादव, राहुल दीक्षित सहित अनेक सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

आईडियल कॉलेज से आकाश नगर होते हुए डासना तक सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर स्थानीय आरडब्ल्यूए, गौरव सेनानियों एवं क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों का आभार जताया है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण से क्षेत्र के आवागमन में सुधार होगा तथा विकास को नई गति मिलेगी।

![]()
