विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, भाई ने गला दबाकर हत्या का लगाया आरोप

खुर्जा, बुलंदशहर : 12 / जून / 2026 :  कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के भाई ने कुछ लोगों पर गला दबाकर हत्या करने तथा शव को नहर में फेंककर साक्ष्य मिटाने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

ग्राम जलीलपुर थाना जहांगीराबाद निवासी पूरन कुमार पुत्र बनवारी लाल ने कोतवाली खुर्जा नगर में दी गई तहरीर में बताया कि उसकी बहन प्रियंका का विवाह वर्ष 2018 में नरेश निवासी मूडाखेड़ा के साथ हुआ था। तहरीर के अनुसार बाद में गांव के ही सैंकी पुत्र धारा के संपर्क में आने के बाद प्रियंका उसके साथ रहने लगी थी।

आरोप है कि बीते कुछ समय से प्रियंका का उत्पीड़न किया जा रहा था। पूरन कुमार का कहना है कि 10 जून 2026 की शाम सैंकी, उसके पिता धारा, मां सुशीला और भाई कृपाल ने मिलकर प्रियंका के साथ मारपीट की और उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। आरोप यह भी है कि घटना के बाद शव को कपड़े में लपेटकर नहर में फेंकने की तैयारी की जा रही थी।

परिजनों को घटना की जानकारी मिलने पर वे मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा चुका था। तहरीर में बिट्टू पुत्र बीरपाल को भी घटना में शामिल बताया गया है।

पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment