मुरादनगर, गाजियाबाद : 6 / जुलाई / 2026 : संस्कार उपवन परिवार के तत्वावधान में रविवार को संस्कार उपवन, कुर्सी (मुरादनगर) स्थित प्रकल्प पर बालकों के लिए विशेष आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम परम श्रद्धेय श्री नवनीतप्रिया दास जी के सानिध्य में प्रातः 8 बजे से 10 बजे तक संपन्न हुआ।
विश्व मास्टर शूटिंग चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता श्री राम सिसोदिया ने बच्चों को आत्मरक्षा, अनुशासन और सुरक्षा के मूलभूत सिद्धांतों की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने बच्चों को डॉट गेम की तकनीकी जानकारी देने के साथ एयर पिस्टल शूटिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी कराया। उन्होंने कहा कि शूटिंग जैसे खेल युवाओं के लिए बेहतर भविष्य के अवसर प्रदान करते हैं और मेहनत के दम पर वे देश-प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि डॉ. सरोज सिरोही ने बच्चों को योग के महत्व और विभिन्न योग तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास के कारण 70 वर्ष की आयु में भी वे पूरी तरह स्वस्थ और सक्रिय हैं।
इस अवसर पर श्री नवनीतप्रिया दास ने युवाओं को शस्त्र और शास्त्र दोनों की शिक्षा ग्रहण करने का संदेश देते हुए कहा कि आत्मरक्षा के साथ-साथ नैतिक एवं आध्यात्मिक ज्ञान भी जीवन में समान रूप से आवश्यक है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राहुल गुप्ता रहे। इस दौरान शालिनी भाटी, शशि, ब्रह्मदत्त भाटी, जय प्रकाश, धीरेंद्र त्रिपाठी, ब्रजेश शर्मा, सुमित शर्मा, चिराग भोला, आशीष सिंघल, सोनू चौधरी, निखिल त्यागी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 60 से 70 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आत्मरक्षा एवं शूटिंग का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









