खुर्जा (बुलंदशहर) : 14 / जुलाई / 2026 : थाना खुर्जा नगर क्षेत्र स्थित मंदिर चौकी के पास एक मंदिर परिसर में बने मठ से अज्ञात चोर शनिदेव की प्रतिमा चोरी कर ले गए। चोरों ने परिसर में लगी पानी की टोटी भी तोड़ दी। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर चोरी हुई, वहां से पुलिस चौकी की दूरी महज करीब 10 कदम है। इसके बावजूद पुलिस को घटना की भनक तक नहीं लग सकी, जिससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है।
घटना की सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। संगठन के लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
![]()
