Home » बुलंदशहर » किसान दिवस में गूंजीं किसानों की समस्याएं, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, बिजली, खाद और स्मार्ट मीटर समेत कई मुद्दे उठे

किसान दिवस में गूंजीं किसानों की समस्याएं, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, बिजली, खाद और स्मार्ट मीटर समेत कई मुद्दे उठे

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

बुलंदशहर : 16 / जुलाई / 2026 :  बुलंदशहर कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी हर्ष कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार की मौजूदगी में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी अभिषेक सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के जिला संरक्षक चौधरी कुलदीप गुड्डू ने किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से रखा।

भाकियू नेताओं ने मांग की कि ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से प्रभावित गांवों को जोड़ने वाले रास्तों को लिंक मार्ग घोषित किया जाए, ताकि किसानों को उचित मुआवजा मिल सके। साथ ही मेरठ-बदायूं मार्ग, बुलंदशहर-अनूपशहर मार्ग सहित अन्य स्थानों पर अंडरपास और सर्विस रोड बनाए जाने की मांग भी उठाई गई।

बैठक में किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने, अघोषित बिजली कटौती पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, नए ट्रांसफार्मर लगाने, आवारा पशुओं को गौशालाओं में भेजने तथा जनपद में राहवीर योजना लागू करने की मांग की गई।

किसान नेताओं ने पेट्रोल में इथेनॉल की मिलावट और पेट्रोल पंपों पर कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की गुणवत्ता की जांच कराने और उपभोक्ताओं को शुद्ध ईंधन उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा अमेरिका ट्रेड डील को रद्द करने, बिजली मीटरों में मनमाने ढंग से लोड बढ़ाने पर रोक लगाने और नए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया बंद करने की भी मांग रखी गई।

बैठक में किसानों को समय पर डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने, मक्का खरीद शुरू कराने, ओवररेटिंग करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई करने तथा मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायतकर्ता से संपर्क किए बिना शिकायतों का निस्तारण करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।

जिलाधिकारी हर्ष कुमार ने किसानों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान और विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के अंत में भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के जिला संरक्षक चौधरी कुलदीप गुड्डू ने सर्किल रेट में बढ़ोतरी और गन्ना भुगतान के संबंध में प्रशासन द्वारा किए गए प्रयासों के लिए जिलाधिकारी सहित सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment