जहांगीरपुर : 22 / जुलाई / 2026 : त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी रावेन्द्र वर्मा ने कस्बा जहांगीरपुर पहुंचकर मिठाई व्यापारियों के साथ बैठक की और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से चस्पा करने को कहा, ताकि ग्राहकों के बीच पारदर्शिता बनी रहे और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके बाद उन्होंने कई दुकानों का निरीक्षण कर साफ-सफाई बनाए रखने, गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की बिक्री करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने व्यापारियों को चेतावनी दी कि जांच के दौरान यदि किसी खाद्य पदार्थ का नमूना निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया या मिलावट की पुष्टि हुई, तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई की सूचना से कुछ दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल भी देखने को मिला।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी रावेन्द्र वर्मा ने बताया कि आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में अभियान लगातार जारी रहेगा। त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी रोकने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से निरीक्षण और खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग की जा रही है।
इस दौरान पूर्व व्यापारी मुखिया देवेंद्र मुनीम, पवन अग्रवाल, शंकर लाल, कृष्णा, मुकुट लाल, अमित कुमार, जयकिशन प्रजापति, सुरेश अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, वल्लो देवी सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












