बुलंदशहर : 17 / अगस्त / 2026 : ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर जाट में महिला और उसके देवर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी काजल पत्नी योगेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 अगस्त की रात करीब 7:30 बजे वह अपने घर के सामने मौजूद थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव निवासी निशांत और प्रशांत पुत्र ब्रिजबहादुर ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

शोर सुनकर महिला का देवर दीपक मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। आरोप है कि दोनों भाइयों ने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके साथ अभद्रता की और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। ककोड़ थाना प्रभारी सुदेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर दोनों सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










