बुलंदशहर : 26 / अगस्त / 2026 : मिरी पीरी खालसा अकादमी, बिलासपुर, उत्तर प्रदेश में आयोजित 7वीं उत्तर प्रदेश राज्य गतका चैम्पियनशिप में बुलंदशहर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए कुल 25 पदक अपने नाम किए।

बुलंदशहर की टीम ने प्रतियोगिता में 9 स्वर्ण, 7 रजत और 9 कांस्य पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि में उनकी मेहनत, नियमित अभ्यास और समर्पण के साथ प्रशिक्षकों एवं मार्गदर्शकों के मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही।
टीम को राज्य को-ऑर्डिनेटर दिलीप सिंह, हरकेश सिंह, जसलीन कौर वालिया, केशव जादौन एवं मोहित ने लगातार मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया। खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए तैयार करने तथा उनका मनोबल बढ़ाने में सभी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

प्रतियोगिता में हरिबादत कौर वालिया, सुगंधा बालियान, अगमजीत सिंह वालिया, खुशी, यश, राधिका, नेहा, नीतू एवं मधु ने स्वर्ण पदक जीतकर टीम की सफलता में अहम योगदान दिया। वहीं गैरमा पाटक एवं तनु ने रजत पदक हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया। टीम के अन्य खिलाड़ियों ने भी अपने मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस उपलब्धि पर डीसी गुप्ता कांटे वाले, जिला अध्यक्ष, समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 25 पदकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त करना बुलंदशहर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि बुलंदशहर के खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। इस उपलब्धि से जिले के अन्य युवा भी गतका खेल के प्रति प्रेरित होंगे और आने वाले समय में बुलंदशहर के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










