बुलंदशहर : 27 / अगस्त / 2026 : बुलंदशहर जनपद में केंद्रीय कर्मचारियों, पेंशनभोगियों एवं पूर्व सैनिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने बुलंदशहर में जल्द से जल्द सीजीएचएस (CGHS) वैलनेस सेंटर अथवा डिस्पेंसरी स्वीकृत कर स्थापित कराने की मांग रखी।

एसोसिएशन के को-ऑर्डिनेटर मधु कुमार सिंह राणा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि बुलंदशहर क्षेत्रफल और जनसंख्या की दृष्टि से प्रदेश के महत्वपूर्ण जनपदों में शामिल है। जिले में बीएसएफ, आईटीबीपी, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, एसएसबी, रेलवे समेत विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों एवं विभागों में कार्यरत तथा सेवानिवृत्त हजारों कर्मचारी और उनके परिवार रहते हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जिले में एक भी CGHS डिस्पेंसरी नहीं होने के कारण CGHS कार्डधारकों को स्वास्थ्य योजना का लाभ लेने के लिए दूसरे जनपदों का रुख करना पड़ता है। वर्तमान में ग्रेटर नोएडा, मेरठ और गाजियाबाद स्थित CGHS केंद्रों पर निर्भरता के चलते बुलंदशहर शहर से ही लाभार्थियों को करीब 70 से 80 किलोमीटर तक की दूरी तय करनी पड़ती है।

ज्ञापन में यह भी बताया गया कि अनूपशहर, डिबाई, खुर्जा, स्याना, शिकारपुर और सिकंदराबाद सहित दूरदराज क्षेत्रों के बुजुर्ग पेंशनरों एवं मरीजों के लिए स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचना और भी कठिन हो जाता है। आपात स्थिति में लंबी दूरी तय करने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रतिनिधिमंडल की मांगों को सुनने के बाद अनुप्रिया पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बुलंदशहर में केंद्रीय कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
इस दौरान एसोसिएशन के मधु कुमार सिंह राणा (सेवानिवृत्त डिप्टी कमांडेंट), अमर सिंह, भूदेव सिंह, देवराज सिंह, जगत सिंह, नरेंद्र सिंह, वीरेंदर सिंह राघव, अनिल कुमार मलिक, मनमोहन भारद्वाज, राजबहादुर सिंह, अपना दल एस बुलंदशहर के जिला अध्यक्ष राजकुमार भुर्जी तथा अपना दल एस व्यापार मंच के पूर्व प्रदेश सचिव ठाकुर अमरपाल सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









