Home » बुलंदशहर » रक्षाबंधन पर आरएसएस की 14 शाखाओं में हुए कार्यक्रम, स्वयंसेवकों ने बांधे रक्षा सूत्र

रक्षाबंधन पर आरएसएस की 14 शाखाओं में हुए कार्यक्रम, स्वयंसेवकों ने बांधे रक्षा सूत्र

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

खुरजा : 28 / अगस्त / 2026 :  राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, खुरजा नगर द्वारा पवित्र रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर नगर की सभी 14 शाखाओं पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सभी शाखाओं पर स्वयंसेवकों ने उत्साह एवं श्रद्धा के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाया तथा समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे, समरसता और राष्ट्रभाव को मजबूत करने का संदेश दिया।

इसी श्रृंखला में विश्वकर्मा शाखा का रक्षाबंधन कार्यक्रम आर्य समाज मंदिर, पदम सिंह गेट, खुरजा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवा ध्वज के समक्ष प्रार्थना एवं ध्वज प्रणाम के साथ हुआ। इसके पश्चात स्वयंसेवकों ने एक-दूसरे को रक्षा सूत्र बांधकर सामाजिक एकता एवं राष्ट्रसेवा के संकल्प को दोहराया।

कार्यक्रम में रक्षाबंधन पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति में रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के पवित्र रिश्ते तक सीमित नहीं है, बल्कि यह परस्पर विश्वास, आत्मीयता, सामाजिक समरसता और एक-दूसरे के प्रति दायित्वबोध का पर्व है। यह पर्व समाज को संगठित होकर राष्ट्र एवं समाज की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर खुरजा नगर के नगर कार्यवाह श्री सुदर्शन जी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शाखाओं के माध्यम से समाज में संगठन, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का कार्य निरंतर करता है। रक्षाबंधन का पर्व हमें यह संदेश देता है कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ आत्मीयता का संबंध स्थापित कर हम सभी को एक-दूसरे के सुख-दुःख में सहभागी बनना चाहिए। जब समाज संगठित और परस्पर आत्मीयता से जुड़ा रहेगा, तभी राष्ट्र भी सशक्त बनेगा।

उन्होंने कहा कि संघ की शाखाओं पर मनाए जाने वाले पर्व केवल धार्मिक अथवा सांस्कृतिक आयोजन नहीं होते, बल्कि इनके माध्यम से स्वयंसेवकों और समाज के बीच सामाजिक समरसता, राष्ट्रभक्ति, सेवा और संगठन की भावना को जागृत किया जाता है।

खुरजा नगर की सभी 14 शाखाओं पर आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रमों में स्वयंसेवकों के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारे एवं राष्ट्र के प्रति कर्तव्य भावना का संदेश दिया गया।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, खुरजा नगर द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक एकता और राष्ट्रभाव को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment