सुनील पाठक , गोरखपुर
बस्ती : 29 / अगस्त / 2026 : बस्ती जनपद के दसिया क्षेत्र के पड़रिया दत्तू गांव निवासी संध्या वर्मा ने अपनी मेहनत, लगन और संघर्ष के दम पर प्राविधिक सहायक (कृषि) परीक्षा में सफलता हासिल कर परिवार के साथ-साथ क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
संध्या के चयन की जानकारी मिलते ही परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। मां सावित्री वर्मा समेत परिजनों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

संध्या के जीवन में यह सफलता आसान नहीं रही। करीब नौ वर्ष पूर्व पिता स्व. श्यामधर वर्मा के निधन के बाद परिवार के सामने कई चुनौतियां आईं, लेकिन संध्या ने परिस्थितियों के आगे हार नहीं मानी। मां और बड़े भाई के सहयोग से उन्होंने प्रयागराज में रहकर अपनी पढ़ाई जारी रखी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटी रहीं।
संध्या के भाई संजीव वर्मा ने बताया कि उनकी बहन ने कई प्रतियोगी परीक्षाओं में हिस्सा लिया, लेकिन कई बार महज एक-दो अंकों के अंतर से सफलता हाथ से निकल गई। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी और लगातार मेहनत करती रहीं। आखिरकार उनकी मेहनत और लगन रंग लाई और प्राविधिक सहायक (कृषि) के पद पर उनका चयन हो गया।
संध्या की इस उपलब्धि से परिवार में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने भी उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। संध्या की उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा बनकर सामने आई है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










