बदायूं : 7 / सितम्बर / 2026 : बदायूं जिले के कस्बा दहगवां में भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति की महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में करीब 500 किसानों ने पहुंचकर किसान हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर धर्मेंद्र सिंह का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव ने की, जबकि मंडल अध्यक्ष इंतजार अली, मंडल उपाध्यक्ष फिरासत अली सहित संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। महापंचायत का संचालन प्रदेश महासचिव मिथिलेश शास्त्री ने किया।
महापंचायत के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर धर्मेंद्र सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत कराया। लोक निर्माण विभाग, कृषि विभाग, नगर पंचायत, जिला पंचायत, एआर कोऑपरेटिव, विद्युत विभाग और तहसील प्रशासन से संबंधित समस्याओं को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे गए।
किसानों ने क्षेत्र में सड़कों की स्थिति, आवारा गोवंश, गांवों में सफाई व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, यूरिया-डीएपी खाद की उपलब्धता और तहसील संबंधी समस्याओं का मुद्दा उठाया। संगठन ने मांगों के जल्द समाधान की बात कही।

ठाकुर धर्मेंद्र सिंह ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिन के भीतर समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ, तो संगठन के पदाधिकारी और किसान बदायूं कलेक्ट्रेट पहुंचकर संबंधित विभागों के अधिकारियों का घेराव करेंगे।
महापंचायत में किसानों की फसलों के उचित मूल्य का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने मांग की कि गन्ने का भाव 900 रुपये प्रति क्विंटल, गेहूं का 8,000 रुपये प्रति क्विंटल, धान का 10,000 रुपये प्रति क्विंटल और आलू का भाव 2,500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया जाए।
इसके साथ ही किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने की मांग भी सरकार से की गई।
महापंचायत में बड़ी संख्या में किसानों और संगठन के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










