Home » आज की ताजा खबर » सीसीएस यूनिवर्सिटी का अनोखा कारनामा, रिजल्ट जारी नहीं हुआ, 69 कॉलेजों को भेज दीं मार्कशीट

सीसीएस यूनिवर्सिटी का अनोखा कारनामा, रिजल्ट जारी नहीं हुआ, 69 कॉलेजों को भेज दीं मार्कशीट

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

मेरठ : 8 / दिसम्बर / 2025 :  चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने एक अजीबो-गरीब कारनामा कर दिया है। यहां बिना रिजल्ट जारी किए ही कॉलेजों में छात्र-छात्राओं की आधी-अधूरी मार्कशीट भेज दी गईं। यह मामला शुरू में अम्बरीश शर्मा एजुकेशन ऑफ टेक्नोलॉजी कॉलेज के बीएड कोर्स से जुड़ा था, लेकिन शिकायत के बाद पता चला कि यह समस्या पूरे 69 कॉलेजों के छात्रों के साथ हुई है। छात्रों की शिकायत पर परीक्षा नियंत्रक ने जांच के आदेश दिए हैं और दो दिनों में इस समस्या का समाधान करने का भरोसा दिलाया है। सोमवार को छात्र नेता अंकित अधाना के नेतृत्व में अम्बरीश शर्मा एजुकेशन ऑफ टेक्नोलॉजी के बीएड अंतिम वर्ष के छात्र विश्वविद्यालय पहुंचे। छात्रों के अनुसार, पोर्टल पर उनकी आंतरिक एवं प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक अपलोड हो चुके थे, लेकिन उनका रिजल्ट अभी तक जारी नहीं हुआ। फिर भी, आधी-अधूरी मार्कशीट कॉलेजों में भेज दी गई। छात्रों का कहना था कि अगर रिजल्ट ही नहीं आया, तो मार्कशीट कैसे भेजी जा सकती है? उनका दावा है कि इन मार्कशीट पर विश्वविद्यालय के कर्मचारियों के हस्ताक्षर भी मौजूद हैं। छात्र नेता अंकित अधाना ने विश्वविद्यालय द्वारा भेजी गई इन मार्कशीट को परीक्षा नियंत्रक वीरेंद्र मौर्य को सौंपा। जब संबंधित विभाग से इसकी वजह पूछी गई, तो खुलासा हुआ कि यह गड़बड़ी सिर्फ एक-दो कॉलेजों तक सीमित नहीं है, बल्कि 69 कॉलेजों के छात्रों के साथ हुई है। छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज जानबूझकर छात्रों के प्रयोगात्मक परीक्षा और आंतरिक परीक्षा के अंक पोर्टल पर अपलोड नहीं करते हैं, जिससे ऐसी समस्याएं पैदा होती हैं। छात्रों ने विश्वविद्यालय से लापरवाह कॉलेजों पर आर्थिक दंड लगाने और उनकी संबद्धता (एफिलिएशन) समाप्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर किसी अभ्यर्थी ने परीक्षा दी है, तो उसका परिणाम किसी भी स्थिति में रोका नहीं जाना चाहिए। इसके अलावा, अधूरी मार्कशीट और आंतरिक परीक्षा के अंक अपलोड न करने वाले कॉलेजों के खिलाफ जांच समिति गठित करने तथा सख्त कार्रवाई की मांग की गई। इस प्रदर्शन में मौजूद प्रमुख छात्रों में विनीत चपराना, रोहित गुर्जर, गौरव, आशु गोस्वामी, रवि, कृष्ण कुमार, सोनी, अरुण और सुमित शामिल थे। परीक्षा नियंत्रक वीरेंद्र कुमार मौर्य ने छात्रों की शिकायत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह शिकायत लेकर छात्र मेरे पास आए थे। इस मामले की जांच कराई जाएगी। दो दिन में समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment

Latest Video

Advertisement

Gold and Silver price

मौसम की जानकारी

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This