बुलन्दशहर : 24 / जनवरी / 2026 : खुर्जा शासन के निर्देशानुसार जनसमस्याओं के प्रभावी निस्तारण हेतु शनिवार को जनपद के समस्त थानों पर ‘थाना समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इसी क्रम में जिलाधिकारी श्रीमती श्रुति एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने थाना खुर्जा देहात पहुँचकर फरियादियों की समस्याओं को सुना और उनके निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतों को सुना। इस दौरान राजस्व और पुलिस विभाग से संबंधित कई मामले सामने आए। अधिकारियों ने कुछ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर पीड़ितों को राहत पहुँचाई। शेष शिकायतों के लिए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और वास्तविक रूप से धरातल पर होना चाहिए। लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई होगी । वरिष्ट पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ शालीन व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण ही शासन की प्राथमिकता है। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी खुर्जा शोभित कुमार, थाना प्रभारी खुर्जा देहात मनोज कुमार सहित राजस्व विभाग के अधिकारी और पुलिस विभाग के अन्य कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने थाना परिसर का निरीक्षण कर रिकॉर्ड के रख-रखाव को भी परखा।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












