ब्यूरो चीफ दुष्यंत पचौरी हाथरस
हाथरस : 27 / मार्च / 2026 : हाथरस में पेट्रोल-डीजल की कमी के संबंध में प्राप्त हो रही अफवाहों के दृष्टिगत जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मथुरा रोड तथा शहर में संचालित विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण कर यथास्थिति का जायजा लिया तथा लोगों को सुचारु रूप से आपूर्ति प्रदान करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने चूना वाला, बल्क कैरियर एवं एग्रो सर्विस सेंटर सहित विभिन्न पेट्रोल पंपों के निरीक्षण के दौरान पाया कि स्थिति पूर्णतः सामान्य है। कहीं भी लाइन लगाकर पेट्रोल भरवाने जैसी कोई स्थिति नहीं है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पेट्रोल पंप संचालकों से वार्ता कर पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता तथा भुगतान के माध्यम (ऑनलाइन/ऑफलाइन) के संबंध में जानकारी प्राप्त की। पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा अवगत कराया गया कि उनके पास पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है तथा ग्राहकों से ऑनलाइन एवं नकद, दोनों माध्यमों से भुगतान लिया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित ग्राहकों से भी बातचीत कर यह जानकारी ली कि पेट्रोल-डीजल निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराया जा रहा है या नहीं।

इस पर लोगों ने बताया कि उन्हें निर्धारित दरों पर ही पेट्रोल-डीजल प्राप्त हो रहा है तथा किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनपद में पेट्रोल-डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, अतः घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। सभी लोग सामान्य रूप से अपनी आवश्यकता के अनुसार पेट्रोल-डीजल प्राप्त करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कहीं कोई समस्या उत्पन्न होती है तो तत्काल जिला प्रशासन को सूचित करें। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सदर, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












