नई दिल्ली : 30 / मार्च / 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मार्च को गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह महावीर जयंती के अवसर पर गांधीनगर के कोबा तीर्थ में सम्राट सम्प्रति संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे। साथ ही भारत के सेमीकंडक्टर क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे केयन्स सेमीकॉन प्लांट का भी शुभारंभ करेंगे।
प्रधानमंत्री सबसे पहले गांधीनगर स्थित कोबा तीर्थ पहुंचेंगे, जहां वह सम्राट सम्प्रति संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे। यह संग्रहालय जैन धर्म की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को प्रदर्शित करता है। संग्रहालय में जैन धर्म के विकास, उसकी परंपराओं और भारतीय संस्कृति पर उसके प्रभाव को कालानुक्रमिक रूप से प्रस्तुत किया गया है। इससे आगंतुकों को जैन धर्म की यात्रा और उसके सांस्कृतिक महत्व को समझने में सहायता मिलेगी।
इसके बाद प्रधानमंत्री सानंद में केयन्स सेमीकॉन प्लांट का उद्घाटन करेंगे। यह भारत में वाणिज्यिक उत्पादन शुरू करने वाला दूसरा सेमीकंडक्टर संयंत्र होगा। इस संयंत्र के शुरू होने से देश में स्वदेशी सेमीकंडक्टर पैकेजिंग क्षमता विकसित होगी और भारत के चिप इकोसिस्टम में मौजूद महत्वपूर्ण कमी को दूर करने में मदद मिलेगी। इसे आत्मनिर्भर भारत अभियान की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान वाव-थराद क्षेत्र में 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इसके अलावा कई परियोजनाओं का उद्घाटन कर उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
इन परियोजनाओं में बिजली, रेलवे, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, स्वास्थ्य, शहरी विकास, जनजातीय विकास और ग्रामीण विकास जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं। सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी और बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार तथा बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












