बुलन्दशहर : 30 / मार्च / 2026 : नरसेना विकास ऊंचागांव क्षेत्र में बिना मान्यता के प्राथमिक और जूनियर हाई स्कूल स्तर के विद्यालयों का संचालन धड़ल्ले से जारी है। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से कार्रवाई के निर्देश जारी होने के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई ठोस असर नजर नहीं आ रहा है, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
क्षेत्र के कपसाई, गजरौला, मवई, दौलतपुर कलां, फरीद बांगर, मोहम्मदपुर बरवाला, कमालपुर और अमरपुर सहित कई गांवों में दर्जनों विद्यालय बिना मान्यता के संचालित हो रहे हैं। इन स्कूलों में निर्धारित मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। न तो पर्याप्त कक्षाएं हैं, न ही जरूरी शैक्षणिक संसाधन और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं। सबसे गंभीर बात यह है कि कई स्कूलों में बिना डिग्री और बिना प्रशिक्षण वाले लोग बच्चों को पढ़ा रहे हैं, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता पर सीधा असर पड़ रहा है।

अभिभावकों का कहना है कि मजबूरी में बच्चों को ऐसे स्कूलों में भेजना पड़ रहा है, लेकिन उनके भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी प्रभावी कार्रवाई नहीं करते, जिससे स्कूल संचालकों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध रूप से संचालित स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के साथ बच्चों के भविष्य को सुरक्षित किया जाए।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












