हाथरस : 11/ अप्रैल / 2026 : हाथरस में चर्चित यूट्यूबर वेदप्रकाश शर्मा उर्फ सोनू हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी टीम और कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी रुद्ध पाठक और वंश दीक्षित अलीगढ़ से सासनी की ओर आ रहे थे। पुलिस को उनकी लोकेशन की सूचना मिलने के बाद सासनी के शक्ति वन क्षेत्र के पास चेकिंग के दौरान उन्हें रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त एक बिना नंबर की चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।
गौरतलब है कि इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल एक अन्य आरोपी शुभम उर्फ माइटी को पहले ही सहपऊ पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस अधीक्षक हाथरस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। फिलहाल घायल आरोपियों का उपचार कराया जा रहा है और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है।
हाथरस पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से हत्याकांड के खुलासे की दिशा में बड़ी प्रगति मानी जा रही है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












