सिकंदराराऊ में भानु गुट समर्थकों और पुलिस में टकराव, 500 पर मुकदमे की तैयारी

दुष्यंत पचौरी हाथरस

 

हाथरस : 17 / अप्रैल / 2026 :  सिकंदराराऊ क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब भारतीय किसान यूनियन के भानु गुट के समर्थकों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। पुलिस ने आरोप लगाया है कि समर्थकों ने अभद्रता की और धक्का-मुक्की भी की।

जानकारी के अनुसार, हाल ही में गढ़मुक्तेश्वर में एक राजनेता द्वारा भानु गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी के बाद मामला गरमा गया था। इसके विरोध में भानु गुट के नेता योगेश प्रताप सिंह ने फेसबुक लाइव के जरिए 17 अप्रैल को समर्थकों के साथ गढ़मुक्तेश्वर जाने का आह्वान किया था।

शुक्रवार को बड़ी संख्या में समर्थक सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ सिकंदराराऊ पहुंचे। पुलिस को इसकी सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल पुरदिल नगर अंडरपास के पास तैनात कर दिया गया। जब पुलिस ने काफिले को रोकने की कोशिश की, तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और स्थिति धक्का-मुक्की तक पहुंच गई।

इस दौरान एक उपनिरीक्षक रामनरेश के ऊपर कथित रूप से एक कार का पहिया चढ़ गया, जबकि सीओ एटा की गाड़ी के साथ भी तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए करीब 500 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

वहीं, भानु गुट के नेता योगेश प्रताप सिंह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने अपने समर्थकों को पहले ही शांति बनाए रखने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि काफिला शांतिपूर्ण ढंग से जा रहा था। पुलिसकर्मी के घायल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि पुलिस वाहन के सामने चलेगी तो हादसा हो सकता है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment