कृषि विज्ञान केंद्र हाथरस का डीएम ने किया निरीक्षण, किसानों के प्रशिक्षण पर दिया जोर

दुष्यंत पचौरी . हाथरस

 

 

 

हाथरस : 2 / मई / 2026 :  जनपद में कृषि विकास गतिविधियों और किसानों को मिल रही सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ कृषि विज्ञान केंद्र, हाथरस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों के लिए संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों, कृषि तकनीकी परामर्श, उन्नत कृषि पद्धतियों और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र किसानों को वैज्ञानिक खेती, आधुनिक तकनीकों और नवीन कृषि उपकरणों की जानकारी देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। किसानों को समय-समय पर प्रशिक्षण देकर उन्नत बीज, जैविक खेती, जल संरक्षण, फसल विविधीकरण और प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक किया जाए, जिससे उत्पादन और आय में वृद्धि सुनिश्चित हो सके।

पौधशाला के निरीक्षण के दौरान जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि ट्रे में पौध तैयार करने का कार्य ऑटोमेटिक सीड प्लांटिंग मशीन के माध्यम से किया जा रहा है। पौधों की देखरेख स्वयं सहायता समूहों द्वारा की जाती है और बिक्री के बाद उन्हें निर्धारित मानकों के अनुसार भुगतान किया जाता है। वर्तमान में मिर्च, टमाटर, शिमला मिर्च और लौकी सहित विभिन्न सब्जियों की पौध तैयार की जा रही है, साथ ही उन्नतशील बीज भी विकसित किए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कृषि विज्ञान केंद्र पर नियमित कार्यशालाएं आयोजित की जाएं, जिससे अधिक से अधिक किसान प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी व्यापक स्तर पर किसानों तक पहुंचाई जाए। इसके अलावा कड़कनाथ/कुक्कुट पालन और बकरी पालन के लिए स्वयं सहायता समूहों को प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके।

उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों को आत्मनिर्भर और तकनीकी रूप से सक्षम बनाना है, जिसमें कृषि विज्ञान केंद्र की भूमिका अहम है। साथ ही परिसर में स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment