हाथरस : 3 / मई / 2026 : थाना हाथरस गेट क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। तेज रफ्तार मैक्स पिकअप वाहन ने महिला को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और उपचार के दौरान उनकी जान चली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चमन विहार निवासी प्रेमलता (55 वर्ष) पत्नी विजय बहादुर सिंह सुबह अपनी चाय की दुकान खोलने जा रही थीं। इसी दौरान अलीगढ़ रोड पर तेज गति से आ रही एक मैक्स पिकअप गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग घायल महिला को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि प्रेमलता अपने परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करती थीं और रोजाना सुबह चाय की दुकान संचालित करती थीं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

![]()
