Home » बुलंदशहर » डिबाई में देर रात पुलिस मुठभेड़, 27 मुकदमों वाला शातिर चोर घायल सहित गिरफ्तार

डिबाई में देर रात पुलिस मुठभेड़, 27 मुकदमों वाला शातिर चोर घायल सहित गिरफ्तार

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

डिबाई  : 19 / मई / 2026 :  बुलंदशहर पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदातों में शामिल शातिर गैंग का पर्दाफाश कर दिया। थाना डिबाई पुलिस और स्वाट टीम देहात की संयुक्त कार्रवाई में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार 18/19 मई की रात गालिबपुर तिराहे के पास से अंसार उर्फ भूरा, वसीम और उस्मान को चोरी किए गए आभूषण, नकदी और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार सहित पकड़ा गया।

पूछताछ में मुख्य आरोपी अंसार उर्फ भूरा ने बताया कि चोरी का कुछ सामान उसने गांव सुरजपुर मखैना के जंगल में छिपा रखा है। मंगलवार सुबह पुलिस टीम उसे बरामदगी के लिए जंगल में लेकर पहुंची। इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर पहले से छिपाकर रखा अवैध तमंचा निकाल लिया और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अंसार के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को मौके पर ही गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि इसी गैंग ने डिबाई कस्बे के मोहल्ला चौधरी खेल में दो मकानों और मोहल्ला सराय बरोनी में एक मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इन घटनाओं के संबंध में थाना डिबाई पर मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। क्षेत्राधिकारी मधुप कुमार सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली।

गिरफ्तार आरोपी अंसार उर्फ भूरा मूल रूप से मोहल्ला काजीखेल डिबाई का निवासी है और वर्तमान में दिल्ली के सीमापुरी क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में करीब 27 मुकदमे दर्ज हैं।

दूसरा आरोपी वसीम बागपत जनपद के सुरुरपुर गांव का निवासी है और वर्तमान में दिल्ली के इन्द्रा नेहरू कैंप सीमापुरी में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ गौकशी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर मामलों के करीब 21 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

तीसरा आरोपी उस्मान शाहजहांपुर जनपद के अल्लागंज जलालाबाद क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में दिल्ली के दिलशाद कॉलोनी में रह रहा था। उस्मान पर डिबाई में दर्ज चोरी के तीन मुकदमे सामने आए हैं।

पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से करीब 600 ग्राम सफेद धातु के आभूषण, 1.73 ग्राम पीली धातु के जेवर, 15,610 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार और 315 बोर का अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस व खोखा बरामद किया है।

 

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment