सुनील पाठक , गोरखपुर
गोरखपुर : 4 / सितम्बर / 2026 : पीपीगंज नगर पंचायत के सभागार में शुक्रवार को बापू इंटर कॉलेज के गणित विषय के पूर्व अध्यापक चुनमुन सिंह की श्रद्धांजलि सभा रखी गई। इसमें क्षेत्र के कई शिक्षक, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और उनके पढ़ाए हुए पूर्व छात्र पहुंचे। सभी ने स्वर्गीय चुनमुन सिंह के व्यक्तित्व, शिक्षण शैली और समाज के लिए उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा में लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य नायक ने चुनमुन सिंह की जीवनी पर बात करते हुए उनके शैक्षणिक जीवन और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण को याद किया। उन्होंने बताया कि शिक्षक के रूप में चुनमुन सिंह ने छात्रों को सिर्फ गणित नहीं पढ़ाया, बल्कि उन्हें अनुशासन, मेहनत और बेहतर जीवन के लिए भी प्रेरित किया। उनके पढ़ाए कई छात्र आज अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे हैं।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि एक शिक्षक का असली योगदान उसके पढ़ाए विद्यार्थियों के जीवन में दिखता है। चुनमुन सिंह ने लंबे समय तक शिक्षा के क्षेत्र में रहकर छात्रों का मार्गदर्शन किया और अपने व्यवहार व कार्यशैली से एक अलग पहचान बनाई। उनके निधन को शिक्षा जगत और क्षेत्र के लिए बड़ा नुकसान बताया गया।
श्रद्धांजलि सभा में व्यापार मंडल अध्यक्ष कपूर चंद अग्रहरि, गोरखनाथ सनातन संघ के मीडिया प्रभारी सुनील पाठक,बापू पीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष चंद्र मौली त्रिपाठी, सभासद बालेवीर मौर्य, गुलाम, सभासद प्रतिनिधि राजू मद्धेशिया और दवा व्यापार मंडल के पीएन श्रीवास्तव समेत कई लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने स्वर्गीय चुनमुन सिंह के चित्र पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनके काम और व्यक्तित्व को याद किया। आखिर में, उपस्थित लोगों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









