तीन माह की गर्भवती महिला ने रिश्तेदारों पर लगाया मारपीट का आरोप, पुलिस में शिकायत के बावजूद मुकदमा दर्ज न होने का दावा
बुलंदशहर : 21 / अक्टूबर / 2026 : चोला थाना क्षेत्र के गांव पचौता में तीन माह की गर्भवती महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता उषा पत्नी प्रदीप ने कुछ रिश्तेदारों पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने और पेट में लात मारने का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार, घटना के बाद उसकी हालत बिगड़ गई, जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
पीड़िता उषा ने बताया कि 14 तारीख को कुछ रिश्तेदार उसके घर आए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि रिश्तेदारों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और पेट में लात मार दी। इसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई तो पति प्रदीप उसे बुलंदशहर अस्पताल लेकर पहुंचे। पीड़िता के मुताबिक, चोला पुलिस ने उसका सरकारी मेडिकल परीक्षण भी कराया और उसने थाने में नामजद शिकायत दी, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
उषा ने बताया कि बाद में उसकी हालत दोबारा बिगड़ गई, जिसके चलते उसे सिकंदराबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पीड़िता के अनुसार, अल्ट्रासाउंड के बाद चिकित्सकों ने उसे बताया कि गर्भ में पल रहे तीन माह के बच्चे की स्थिति ठीक नहीं है और गर्भ समाप्त हो चुका है।
वहीं, पीड़िता के पति प्रदीप कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी की हालत अभी गंभीर है और उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत और मेडिकल परीक्षण के बावजूद पुलिस ने अभी तक आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
पीड़िता ने न्याय की मांग करते हुए चोला थाने और एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराने की गुहार लगाई है।

इस संबंध में चोला थाना प्रभारी दिग्विजय नाथ साही ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










