ककोड क्षेत्र में दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत, युवक ने लगाया जानलेवा हमले का आरोप

ककोड : 22 / मई / 2026 :  बुलंदशहर के ककोड थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। गोलियों की आवाज से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और क्षेत्र में कुछ देर के लिए सन्नाटा छा गया। पीड़ित युवक ने गांव के ही कुछ लोगों पर जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया है।

थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर मकरनदपुर निवासी अर्जुन पुत्र अजय पाल ने बताया कि वह अपने ट्रैक्टर से ईंट लेने जा रहा था। इसी दौरान वह अपने साथियों के लिए पेप्सी लेने बाइक से गांव हिरनोटी पहुंचा। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे राजीव शर्मा और उसके साथ मौजूद चार-पांच लोगों ने उस पर अवैध तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी।

पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने करीब छह राउंड गोलियां चलाईं, जिनसे वह बाल-बाल बच गया। जान बचाने के लिए वह पास के एक घर में घुस गया। शोर सुनकर जब ग्रामीण मौके की ओर बढ़े तो आरोपी तमंचे लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई। सीओ सिकंदराबाद भास्कर मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment