Home » उत्तर प्रदेश » रेलवे स्टेशन पर अवैध वसूली का खुलासा करने पहुंचे पत्रकार को धमकी, कार्रवाई की मांग

रेलवे स्टेशन पर अवैध वसूली का खुलासा करने पहुंचे पत्रकार को धमकी, कार्रवाई की मांग

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

बस्ती : 5 / जून / 2026 :  बस्ती के रेलवे स्टेशन परिसर में कथित अवैध धन उगाही की जानकारी जुटाने पहुंचे एक पत्रकार को जान से मारने की धमकी देने और अभद्रता करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में इण्डियन कौंसिल ऑफ प्रेस के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को संबोधित ज्ञापन सीओ सिटी को सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इण्डियन कौंसिल ऑफ प्रेस के जिलाध्यक्ष एवं साप्ताहिक समाचार पत्र कबीर बस्ती के संपादक दिनेश प्रसाद मिश्र ने बताया कि 3 जून को उन्हें सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन परिसर में कुछ अनधिकृत व्यक्ति टेम्पो चालकों से जबरन धन उगाही कर रहे हैं। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और शिकायतकर्ता से बातचीत की। आरोप है कि जब उन्होंने कथित वसूली करने वाले व्यक्ति से पैसे लेने और रसीद के संबंध में सवाल किया तो वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी।

पत्रकार का आरोप है कि कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी बाइक रोक ली गई और रिपोर्टिंग डायरी निकाल ली गई। स्थिति बिगड़ने पर वह अपनी जान बचाकर जीआरपी थाने पहुंचे, लेकिन वहां भी तत्काल कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

ज्ञापन में रेलवे स्टेशन परिसर में अराजक तत्वों के सक्रिय होने और यात्रियों व वाहन चालकों से कथित रूप से अवैध वसूली किए जाने का आरोप लगाया गया है। पत्रकार संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करते हुए उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के उपाध्यक्ष सौरभ वी.पी. वर्मा, विजय प्रकाश मिश्र, चित्रसेन पांडेय, वृजवासी शुक्ल, रंजीत उपाध्याय, तबरेज खान सहित कई पत्रकार मौजूद रहे। संगठन ने रेलवे स्टेशन परिसर को असामाजिक तत्वों से मुक्त कराने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment