खुर्जा (बुलंदशहर) : 10 / जून / 2026 : बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र में पशुओं के अवैध कटान और पशु अवशेषों के अवैध भंडारण का मामला सामने आया है। खुर्जा-मुंडाखेड़ा मार्ग स्थित कमेले के निकट नगर पालिका के एक गोदाम में भारी मात्रा में पशु अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार गोदाम में विभिन्न स्थानों से लाए गए पशु अवशेषों को अवैध रूप से जमा किया गया था। गोदाम में साफ-सफाई और निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था, जिससे आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध और स्वास्थ्य संबंधी खतरे की आशंका भी बढ़ गई है।
मामले की सूचना मिलने पर तहसील प्रशासन एवं नगर पालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि खुर्जा निवासी एक व्यक्ति इन पशु अवशेषों के अवैध निर्यात से जुड़ा हुआ है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम खुर्जा प्रतीक्षा पांडेय ने नगर पालिका अधिकारियों को तत्काल गोदाम खाली कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में अवैध कटान और पशु अवशेषों के कारोबार को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
![]()
