सुनील पाठक , गोरखपुर
गोरखपुर : 21 / जुलाई / 2026 : सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी के मामले में गोरखपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्रकार विनय तिवारी उर्फ विपिन तिवारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर एक युवती से नौकरी लगवाने के नाम पर 10 लाख रुपये लेने और कथित फर्जी नियुक्ति पत्र देने का आरोप है।
पुलिस अभिलेखों के मुताबिक, थाना बांसगांव में 13 जून 2026 को दर्ज मुकदमे में पीड़िता खुशी यादव ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने उसे सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर कुल 10 लाख रुपये लिए। इनमें 3.50 लाख रुपये RTGS के माध्यम से, जबकि 6.50 लाख रुपये नकद दिए जाने की बात शिकायत में कही गई है।

पीड़िता के अनुसार, रकम लेने के बाद आरोपी ने उसे एक कथित नियुक्ति पत्र दिया और सचिवालय में ज्वाइनिंग कराने का भरोसा दिलाया। जब वह लखनऊ सचिवालय पहुंची तो कथित नियुक्ति पत्र के फर्जी होने की जानकारी हुई। इसके बाद पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
शिकायत के आधार पर थाना बांसगांव पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया। एफआईआर में आरोपी के रूप में कौड़ीराम, गोरखपुर निवासी विनय तिवारी उर्फ विपिन तिवारी का नाम दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं आरोपी ने नौकरी दिलाने के नाम पर अन्य लोगों से भी इसी तरह रुपये लेकर कथित फर्जी दस्तावेज तो नहीं दिए।
मामले में पुलिस अभिलेखों के अनुसार बीएनएस की धारा 419, 420, 467, 468, 471, 316(2), 318(4), 338, 336(3) और 340(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












