खुर्जा : 18 / अगस्त / 2026 : खुर्जा के ग्राम परौरी में 11 हजार वोल्ट की खुली विद्युत लाइन की चपेट में आकर युवक की मौत के मामले में भाजपा नेता मुकेश कुमार मासूम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में मुकेश कुमार मासूम ने बताया कि 16 अगस्त को ग्राम परौरी निवासी नीरज पुत्र किशोरीलाल की 11 हजार वोल्ट की खुली विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। आरोप है कि विद्युत लाइन गांव की आबादी के बीच से होकर घरों और छतों के ऊपर से गुजर रही है, जिससे ग्रामीणों की जान को लगातार खतरा बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी गांव में राजा पुत्र पप्पी, अशोक पुत्र रमेश और भोला पुत्र रज्जी की विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो चुकी है। वहीं भोला पुत्र सरनाम भी नंगे विद्युत तार की चपेट में आ चुके हैं। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद विद्युत लाइन को सुरक्षित नहीं किए जाने पर उन्होंने सवाल उठाए हैं।
पत्र में मुकेश कुमार मासूम ने कहा कि नीरज की मौत से उसकी आश्रित विधवा मां के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

इसके साथ ही उन्होंने केवल जेई स्तर पर कार्रवाई को पर्याप्त न बताते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार वरिष्ठ अधिकारी को निलंबित करने की मांग की। उन्होंने गांव से 11 हजार वोल्ट की असुरक्षित विद्युत लाइन को तत्काल हटाने तथा ऐसा संभव न होने की स्थिति में नंगे तारों के स्थान पर सुरक्षित इंसुलेटेड केबल लगाए जाने की मांग की।
मुकेश कुमार मासूम ने मुख्यमंत्री से गांव की विद्युत लाइनों का सुरक्षा ऑडिट कराने और जहां भी इस तरह की खतरनाक लाइनें हों, उन्हें तत्काल सुरक्षित कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विद्युत लाइन के कारण भविष्य में किसी और ग्रामीण की जान न जाए, इसके लिए स्थायी समाधान जरूरी है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










