Home » बुलंदशहर » किसान दिवस में चौधरी कुलदीप गुड्डू ने उठाईं किसानों की समस्याएं, 30 दिन में समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी

किसान दिवस में चौधरी कुलदीप गुड्डू ने उठाईं किसानों की समस्याएं, 30 दिन में समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

बुलंदशहर  : 19 / अगस्त / 2026 :  जनपद बुलंदशहर में बुधवार को आयोजित किसान दिवस में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के जिला संरक्षक चौधरी कुलदीप गुड्डू ने किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष लिखित रूप में रखा। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी नीतीश कुमार, डीडी कृषि, जिला कृषि अधिकारी, विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

चौधरी कुलदीप गुड्डू ने ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे से जुड़ने वाले बुलंदशहर-शिकारपुर एवं बुलंदशहर-अनूपशहर मार्गों तथा गांवों को जोड़ने वाले रास्तों पर अंडरपास और सर्विस रोड बनाए जाने की मांग की।

उन्होंने आवारा पशुओं को गौशालाओं में भेजने, नकली कीटनाशक एवं ओवररेट में खाद बेचने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई तथा यूरिया-डीएपी की जबरन टैगिंग रोकने की मांग उठाई। साथ ही सभी सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए और गलत आख्या देने वाले कर्मचारियों व अधिकारियों पर कार्रवाई हो। ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के नाम पर कथित अवैध वसूली और जिला कारागार में मुलाकात के नाम पर अवैध उगाही पर रोक लगाने की भी मांग रखी गई।

किसानों के गन्ना भुगतान का मुद्दा उठाते हुए चौधरी कुलदीप ने बताया कि बृजनाथपुर और सिंभावली शुगर मिल पर किसानों का करीब 14 करोड़ रुपये बकाया है। उन्होंने 15 दिन के भीतर भुगतान कराने की मांग की। विद्युत विभाग से 11 हजार वोल्ट की लाइनों के नीचे सुरक्षा जाल लगाने, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, नए विद्युत पोल व ट्रांसफार्मर लगाने तथा गांवों में शासन के रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।

इसके अलावा सहकारी समितियों से ऋण लेने वाले किसानों को 3 प्रतिशत ब्याज की बकाया राशि 15 दिन में वापस करने, अवैध खनन पर रोक लगाने तथा इससे क्षतिग्रस्त हो रही सड़कों की समस्या का समाधान कराने की मांग भी रखी गई।

किसान नेता ने बाजारों में मिलावटी मावा, दूध और मिठाइयों की बिक्री की शिकायत करते हुए खाद्य विभाग से अभियान चलाकर नमूने लेने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। मंडियों में किसानों के लिए बैठने, स्वच्छ पेयजल और शौचालय की व्यवस्था कराने तथा सरकारी अस्पतालों में पेयजल, ऑक्सीजन प्लांट और साफ-सफाई की व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग भी अधिकारियों के समक्ष रखी गई।

चौधरी कुलदीप गुड्डू ने कहा कि किसान दिवस, मुख्यमंत्री पोर्टल, जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों को दिए जाने वाले शिकायती पत्रों का निस्तारण शिकायतकर्ता को मौके पर बुलाकर, स्थल की स्थिति का प्रमाण सहित सत्यापन कराकर और शिकायतकर्ता के हस्ताक्षर के बाद नियमानुसार किया जाना चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिले स्तर पर इन समस्याओं का समाधान 30 दिन के भीतर नहीं हुआ तो बुलंदशहर जिला कलेक्ट्रेट गेट पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम में सैकड़ों किसान और युवा मौजूद रहे।
जय जवान, जय किसान।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment

Latest Video

Advertisement

Gold and Silver price

मौसम की जानकारी

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This