के आर जे न्यूज़ संवाददाता, गोरखपुर
गोरखपुर : 2 / सितम्बर / 2026 : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल और शासन के निर्देश पर परिवहन निगम की ओर से 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं के लिए शुरू की गई निशुल्क बस यात्रा योजना का लाभ पहले ही दिन बड़ी संख्या में महिलाओं ने उठाया। गोरखपुर परिक्षेत्र में 30 अगस्त को कुल 5,594 बुजुर्ग महिलाओं ने निशुल्क रोडवेज यात्रा की।

योजना के तहत फिलहाल 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को बस में सफर के दौरान परिचालक को अपना आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र दिखाना होगा। इसके बाद उन्हें जीरो बैलेंस का टिकट जारी किया जा रहा है। शासन के निर्देश के अनुसार बुजुर्ग महिलाओं को यह निशुल्क यात्रा सुविधा आजीवन उपलब्ध रहेगी।
परिवहन निगम की ओर से बुजुर्ग महिला यात्रियों के डिजिटल कार्ड बनाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। यह कार्ड मासिक सीजन टिकट (एमएसटी) की तर्ज पर होगा। डिजिटल कार्ड को इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन पर टच करते ही जीरो बैलेंस का टिकट जारी हो जाएगा। इसके बाद महिलाओं को हर यात्रा के दौरान आधार या मतदाता पहचान पत्र दिखाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
गोरखपुर परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह ने बताया कि चालकों और परिचालकों को बुजुर्ग महिला यात्रियों के साथ बेहतर व्यवहार और सहयोग के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य बुजुर्ग महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










