हरिद्वार : 8 / सितम्बर / 2026 : एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने दुधियाबंद क्षेत्र में अवैध हथियारों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 बोर की दो पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस की समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित गैंगवार की घटना टल गई।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 6 सितंबर को पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान चित्रकूट घाट के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर सकपका गया। शक होने पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पीठू बैग से दो पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2010 में उसके भाई की हत्या हुई थी। वह लंबे समय से कथित हत्यारों से बदला लेने की फिराक में था। आरोपी को जानकारी मिली थी कि हत्या के मामले में जेल से जमानत पर बाहर आए कुछ लोग हरिद्वार आने वाले हैं। इसी के चलते उसने हथियारों का इंतजाम किया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अप्रैल 2026 से हरिद्वार में एक आश्रम को लीज पर लेकर होटल के रूप में कारोबार कर रहा था। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज कुमार (45) पुत्र महावीर सिंह, निवासी बुडीना कला, थाना तितावी, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










