अगौता : 8 / सितम्बर / 2026 : बुलंदशहर के अगौता थाना क्षेत्र के भंडोली गांव के जंगल में सोमवार देर रात 48 वर्षीय दिव्यांग व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भंडोली निवासी अमित शर्मा के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, अमित शर्मा का शव खेत के किनारे पड़ा मिला,उसके सिर, कान और नाक से खून निकल रहा था। शव के पास ही 315 बोर का तमंचा पड़ा मिला। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच कराई। टीम ने मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करने के साथ ही मृतक के हाथों से हैंड स्वैब भी लिए।

पुलिस को मृतक की स्कूटी की डिग्गी से मिले सुसाइड नोट और घटनास्थल से एक मोबाइल फोन, एक चला हुआ खोखा और मृतक की जेब से जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने सभी साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है।
आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस प्रारंभिक जांच में पुलिस मामले को तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने से जोड़कर देख रही है। घटनास्थल से अवैध हथियार बरामद होने के कारण पुलिस ने मृतक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत आवश्यक कार्रवाई की है। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेज दिया गया।
अगौता थाना प्रभारी संजेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। स्कूटी से मिले सुसाइड नोट और मोबाइल फोन की जांच की जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










