गाजियाबाद : 5 / नवंबर / 2026 : मुरादनगर क्षेत्र में विद्युत ट्रांसफॉर्मर से कॉयल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ मुरादनगर थाना पुलिस और स्वाट टीम ग्रामीण जोन ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई 10 विद्युत ट्रांसफॉर्मर कॉयल समेत वारदात में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार को मुरादनगर थाना पुलिस और स्वाट टीम ग्रामीण जोन की संयुक्त टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर रोहित कश्यप, अनुज कश्यप, राहुल कश्यप, नकुल कौशिक, निजामुद्दीन और संजू को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों की संलिप्तता विद्युत ट्रांसफॉर्मर से कॉयल चोरी करने की घटनाओं में सामने आई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 10 विद्युत ट्रांसफॉर्मर कॉयल, वारदात में इस्तेमाल एक रस्सा, एक टार्च, दो अवैध चाकू और एक बोलेरो पिकअप वाहन बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ट्रांसफॉर्मर से कॉयल निकालकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
बरामद सामान के आधार पर थाना मुरादनगर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 317(5), 3(5) तथा आयुध अधिनियम की धारा 4/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाने में लगी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने अब तक कितनी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है और इनके साथ अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










