गाजियाबाद : 5 / नवंबर / 2026 : नन्दी एवं नन्दनी पार्क में लंबे समय से उपेक्षित चिकित्सा व्यवस्था पर उठाई आवाज, नगर निगम और पशुपालन विभाग के अधिकारियों से वार्ता के बाद निकला स्थायी समाधान गाजियाबाद। गौवंश की सेवा और उनकी चिकित्सा व्यवस्था को लेकर नन्दी एवं नन्दनी पार्क स्थित गौ-आश्रय स्थल में लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान के लिए विशाल भारद्वाज उर्फ गौ पुत्र बजरंगी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

निराश्रित, असहाय एवं चोटिल गौवंश को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने की स्थिति से आहत होकर उन्होंने नगर निगम की संबंधित टीम के साथ बैठक कर उपचार व्यवस्था की कमियों पर विस्तार से चर्चा की। नगर निगम के इंस्पेक्टर, सुपरवाइजर एवं पैरावेट टीम के साथ हुई बातचीत में जब कोई संतोषजनक समाधान सामने नहीं आया तो गौ पुत्र बजरंगी ने अधिकारियों के समक्ष अपनी मांगों को मजबूती से रखा।
उन्होंने नगर निगम एवं पशुपालन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से देर रात तक लगातार संवाद किया। इस दौरान नगर आयुक्त विक्रम सिंह मलिक और मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.पी. पाण्डेय से भी गौवंश की चिकित्सा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। गौवंश की पीड़ा को देखते हुए विशाल भारद्वाज उर्फ गौ पुत्र बजरंगी ने गौ-आश्रय स्थल की भूमि पर बैठकर नियमित चिकित्सा व्यवस्था लागू कराने की मांग को लेकर अपना संघर्ष जारी रखा।
उनके लगातार प्रयासों के बाद नगर निगम के पशुचिकित्सक एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह और उप मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी, ब्लॉक सदर डॉ. मोनिका गुप्ता मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की उपस्थिति में गौवंश के उपचार की नियमित व्यवस्था को लेकर ठोस निर्णय लिया गया।
साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के दायित्वों का स्पष्ट निर्धारण किया गया, जिससे चिकित्सा व्यवस्था को व्यवस्थित एवं नियमित रूप से संचालित किया जा सके। इस पूरे घटनाक्रम में विशाल भारद्वाज उर्फ गौ पुत्र बजरंगी की दृढ़ इच्छाशक्ति, सक्रियता और गौवंश के प्रति संवेदनशीलता प्रमुख रूप से सामने आई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गौ-आश्रय स्थल में रहने वाले प्रत्येक निराश्रित एवं चोटिल गौवंश को समय पर उपचार और उचित देखभाल मिलना आवश्यक है। नियमित चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित कराने की दिशा में हुई यह पहल गौवंश के हित में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










