गाजियाबाद : 5 / नवंबर / 2026 : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज कांग्रेस लोकतंत्र की दुहाई दे रही है, जबकि अपने शासनकाल में उसने देश को कई बड़े घोटालों के अलावा कुछ नहीं दिया। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें युवराज कहा और कांग्रेस की राजनीति पर सवाल उठाए।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है तो ईवीएम पर कोई सवाल नहीं उठाया जाता, लेकिन चुनाव हारने पर ईवीएम पर आरोप लगाए जाने लगते हैं। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स, 2जी और कोयला घोटाले का जिक्र करते हुए कांग्रेस के शासनकाल को घेरा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी चुनौतियों से जूझ रहा था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने देश की आर्थिक उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत दुनिया की शीर्ष चार अर्थव्यवस्थाओं में अपनी जगह बना चुका है। इसके साथ ही उन्होंने एम्स की संख्या बढ़कर 23 होने और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में हुई प्रगति को भी सरकार की उपलब्धि बताया।

राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि करीब 500 वर्षों तक रामलला का मंदिर टेंट और तिरपाल में रहा, लेकिन आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो चुका है। उन्होंने कहा कि देश विकास, सुशासन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










