हरिद्वार/देहरादून : 8 / सितम्बर / 2026 : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में आज स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति, हरिद्वार के राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र रघुवंशी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके आश्रित परिवारों से जुड़े विभिन्न विषयों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी देश की स्वतंत्रता के लिए अपने जीवन का सर्वस्व न्योछावर करने वाले राष्ट्र के महान नायक हैं। उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में स्वतंत्रता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ जीवन जी रहे हैं। स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वतंत्रता सेनानियों तथा उनके परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार द्वारा स्वतंत्रता सेनानी सम्मान पेंशन की व्यवस्था के साथ ही उनके आश्रित परिवारों के हितों का भी ध्यान रखा जा रहा है। स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों एवं उनके योगदान को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए उनके नाम पर स्मारकों एवं अन्य सम्मानजनक पहलों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










