बुलंदशहर : 9 / सितम्बर / 2026 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने जिले में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी की ओर से 11 सितंबर को औरंगाबाद स्थित रुचिका गार्डन में विजय ऐलान रैली आयोजित की जाएगी। रैली की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर बैठक हुई, जिसमें पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने की। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय चन्द्रावती देवी की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली रैली जिले में कांग्रेस के चुनावी अभियान को नई दिशा देगी। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम, सहप्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव संजीव आर्य, पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद, पूर्व सांसद एवं अभिनेता राज बब्बर, पूर्व राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, सांसद इमरान मसूद, जयप्रकाश अग्रवाल, दिल्ली सहप्रभारी काजी निजामुद्दीन, विदित चौधरी और परवेज हाशमी समेत कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की बात कही गई।
जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से रैली को सफल बनाने के लिए गांव, बूथ और घर-घर तक संपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मिशन 2027 के तहत संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना पार्टी की प्राथमिकता है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और किसानों व युवाओं से जुड़े मुद्दे उठाए। साथ ही कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किए। जियाउर्रहमान ने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस संविधान, सामाजिक न्याय, समानता तथा भाईचारे के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल के शुद्धिकरण के मामले का भी उल्लेख करते हुए इसे दलित और वंचित समाज के प्रति मानसिकता का उदाहरण बताया।
पूर्व जिलाध्यक्ष श्योपाल सिंह और सुभाष गांधी ने कहा कि औरंगाबाद की रैली से जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा होगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
बैठक में कॉर्डिनेटर राजकुमार पंडित, नरेन्द्र चौधरी, साजिद गाजी, नईम मंसूरी, मनीष चतुर्वेदी, किशन चौधरी, शकील अहमद, महेश शास्त्री, मुकेश रजक, आशु कुरैशी, सुरेंद्र उपाध्याय, सादिक सैफी, मजहर अली, इशू शर्मा, कर्णवीर सिरोही, इस्लामुद्दीन सैफी, नरेश शर्मा, दुष्यन्त कुमार समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










