ककोड़, बुलंदशहर : 9 / सितम्बर / 2026 : थाना ककोड़ क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ घर में घुसकर अश्लील हरकत और दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
पीड़िता के चाचा आस मोहम्मद पुत्र जनटर सिंह के अनुसार, उनकी भतीजी सुबह करीब आठ बजे घर में झाड़ू लगा रही थी। इसी दौरान गांव का ही एक व्यक्ति कथित तौर पर घर में घुस आया और बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने लगा। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने बच्ची को जमीन पर गिराकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बच्ची के शोर मचाने पर आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद बच्ची ने परिजनों को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें थाने में तहरीर देने के लिए कहा। इसके बाद थाने में तहरीर दी गई। हालांकि, पीड़ित पक्ष का दावा है कि अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया और बच्ची का मेडिकल परीक्षण भी नहीं कराया गया। साथ ही, एक दरोगा पर मामले में समझौते का दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित परिवार ने मामले में निष्पक्ष जांच, नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










