ककोड़ : 15 / सितम्बर / 2026 : केशव माधव सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ककोड़ के विद्यार्थियों ने खेल एवं विज्ञान प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया गया।

9 से 13 सितंबर 2026 तक सरस्वती विद्या मंदिर, खंडवा मध्य प्रदेश में आयोजित 37वीं अखिल भारतीय राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। अंडर-17 वर्ग में अंकित शर्मा और हर्ष तोमर ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि राज सिंह और लेक्षा ने रजत पदक प्राप्त किया।
वहीं अंडर-14 वर्ग में अनमोल शर्मा और पुष्प ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ये खिलाड़ी आगामी 20 से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित एसजीएफआई प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए श्रीनगर जाएंगे।

इसके अलावा 8 सितंबर 2026 को प्रहलाद स्वरूप सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जहांगीराबाद में आयोजित विज्ञान प्रश्न मंच प्रतियोगिता में विद्यालय के तरुण वर्ग के विद्यार्थियों आरती चौधरी, अमन और आदित्य ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के वंदना स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्य मनोज कुमार मिश्र ने सभी प्रतिभावान विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष अशोक गुप्ता, प्रबंधक जगदीश प्रसाद ढोंडियाल, कोषाध्यक्ष दिनेश सिंघल एवं सह व्यवस्थापक कालीचरण ने विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और भविष्य में भी इसी लगन एवं मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










