बुलंदशहर : 25 / सितम्बर / 2026 : बेटा पैदा न होने को लेकर विवाहिता का उत्पीड़न और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी के आदेश के बाद चोला थाना पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
चोला थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में जाहिदपुर निवासी लवली गुप्ता पुत्री विनीत गुप्ता ने बताया कि उसकी शादी 2 दिसंबर 2022 को सिकंदराबाद के पालीवाल कॉलोनी निवासी राहुल गुप्ता के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। पीड़िता के अनुसार शादी में उसके पिता ने करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे।
आरोप है कि शादी के करीब तीन महीने बाद ही ससुराल पक्ष के लोगों ने उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया और उसके मायके वालों पर पर्याप्त खर्च नहीं करने की बात कहते हुए ताने दिए जाने लगे। पीड़िता के अनुसार समय बीतने के साथ उत्पीड़न बढ़ता गया। इस दौरान उसकी दो बेटियां पैदा हुईं, जिसके बाद बेटा पैदा न होने को लेकर उसके साथ और अधिक दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके साथ कई बार मारपीट की गई। मामले को लेकर समाज के लोगों द्वारा कई बार पंचायत भी हुई, जिसके बाद वह दोबारा ससुराल में रहने लगी। आरोप है कि 27 मार्च 2026 को राहुल, सुमन, बीना और वैभव ने उसे कमरे में बंद कर मारपीट की तथा गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद उसने अपने परिजनों के साथ एसएसपी के समक्ष पहुंचकर पूरी घटना की शिकायत की और कार्रवाई की मांग की।
चोला थाना प्रभारी दिग्विजय नाथ शाही ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर राहुल, सुमन, बीना और वैभव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









