बुलंदशहर : 30 / सितम्बर / 2026 : आरटीओ कार्यालय और बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन टिकैत के कार्यकर्ताओं और किसानों ने मोर्चा खोलते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
किसानों ने आरटीओ कार्यालय में लाइसेंस बनवाने के नाम पर कथित रूप से अवैध वसूली किए जाने तथा खुर्जा क्षेत्र में किसानों की जमीन के अधिग्रहण के बाद तय लाभ नहीं मिलने सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर विरोध जताया।
किसानों का धरना आरटीओ कार्यालय और विकास प्राधिकरण के कार्यालय के बाहर जारी है। भाकियू टिकैत के पदाधिकारियों का आरोप है कि आरटीओ कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के नाम पर आवेदकों से कथित तौर पर 8 से 10 हजार रुपये तक की मांग की जाती है।
किसानों का आरोप है कि रुपये नहीं देने पर लाइसेंस का आवेदन निरस्त करने की बात कही जाती है। इसको लेकर किसान यूनियन ने आरटीओ कार्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, खुर्जा क्षेत्र में किसानों की जमीन के विकास प्राधिकरण द्वारा अधिग्रहण किए जाने का मुद्दा भी धरने में प्रमुख रूप से उठाया गया। किसानों का आरोप है कि जमीन अधिग्रहण के बाद उन्हें 10 प्रतिशत जमीन दिए जाने का वादा किया गया था, लेकिन लंबे समय के बाद भी उन्हें यह जमीन नहीं मिल सकी है।
किसानों का कहना है कि अपनी जमीन और उससे जुड़े अधिकारों के लिए उन्हें लगातार प्राधिकरण के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
किसानों ने विकास प्राधिकरण पर उन्हें परेशान और प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया। भाकियू टिकैत के पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान किए जाने तक आंदोलन जारी रहेगा। धरने के दौरान किसानों ने संबंधित अधिकारियों से मामलों की जांच कर कार्रवाई करने और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
धरना प्रदर्शन के चलते दोनों कार्यालयों के बाहर किसानों की भीड़ जुटी हुई है। किसान अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों से वार्ता और समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।








