बुलंदशहर : 23 / अक्टूबर / 2026 : उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, स्वतंत्र, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुमार हर्ष तथा एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसएसपी ने मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी, सुरक्षा व्यवस्था, मतदान प्रक्रिया की गोपनीयता, मतदाताओं के सुगम आवागमन तथा मतदान केंद्रों के आसपास की गतिविधियों का निरीक्षण किया। साथ ही निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।
मतदान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का अनावश्यक हस्तक्षेप, दबाव, प्रलोभन, पक्षपात अथवा अनियमितता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी मतदान कार्मिकों को अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए।
वहीं, एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर अनुशासन के साथ तैनात रहें।
मतदान केंद्रों और उनके आसपास किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि, अराजकता, अफवाह फैलाने, मतदाताओं को प्रभावित करने अथवा भयभीत करने और शांति व्यवस्था भंग करने के प्रयासों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
जिला प्रशासन एवं बुलंदशहर पुलिस द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी निगरानी की जा रही है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक प्रताप अजेय, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सिकंदराबाद प्रेमसुख दड़िया तथा सीओ सिटी प्रखर पांडेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









