गाजियाबाद : 31 / अक्टूबर / 2026 : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में रखी निर्वाचन संबंधी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों और वीवीपैट उपकरणों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, सुरक्षा इंतजाम, साफ-सफाई और उपकरणों के रखरखाव की स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के साथ सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को नियमित रूप से दुरुस्त रखा जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से ईवीएम और वीवीपैट के सुरक्षित रखरखाव के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाना चाहिए।

वेयरहाउस में सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं हर समय सक्रिय और व्यवस्थित रहनी चाहिए, ताकि निर्वाचन संबंधी उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने और आवश्यक सुधार समय से कराने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सहित भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










