खुर्जा : 31 / अक्टूबर / 2026 : जैनिथ पब्लिक स्कूल, खुर्जा में 30 और 31 अक्टूबर 2026 को शिक्षकों के व्यावसायिक विकास के उद्देश्य से क्रिटिकल एंड क्रिएटिव थिंकिंग विषय पर दो दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों से परिचित कराना और विद्यार्थियों में तार्किक एवं रचनात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के निदेशक राहुल राठी और मैनेजर नीलम राठी के मार्गदर्शन में प्रधानाचार्या गीता डैंग एवं उपप्रधानाचार्या बबीता शर्मा की देखरेख में संपन्न हुआ। कार्यशाला में मुख्य रिसोर्स पर्सन के रूप में मेरठ के विपिन कुमार, जिन्हें गणित शिक्षण का लगभग 30 वर्षों का अनुभव है, तथा अलीगढ़ की डॉ. ऋचा गर्ग, पीएचडी (मनोविज्ञान), अकादमिक कोऑर्डिनेटर एवं सीबीएसई रिसोर्स पर्सन ने शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, पुष्पगुच्छ भेंट करने और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के शिक्षकों के साथ अन्य विद्यालयों से आए शिक्षकों का भी स्वागत किया गया।
दोनों विशेषज्ञों ने रोचक गतिविधियों और उदाहरणों के माध्यम से क्रिटिकल एवं क्रिएटिव थिंकिंग की अवधारणाओं को समझाया। कार्यशाला में शिक्षकों ने विभिन्न ज्ञानवर्धक गतिविधियों में भाग लेकर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। लर्निंग बाय डूइंग यानी करके सीखने की पद्धति के माध्यम से प्रशिक्षण को प्रभावशाली और उपयोगी बनाया गया।
डॉ. ऋचा गर्ग ने बच्चों को समझने और उनके साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे की सीखने की क्षमता, व्यवहार और कठिनाइयों को समझने के लिए उसका उचित अवलोकन करना आवश्यक है। शिक्षकों को विद्यार्थियों की व्यक्तिगत जरूरतों के अनुसार मार्गदर्शन देना चाहिए। यदि किसी बच्चे की समस्या बनी रहती है, तो अभिभावकों से संवाद कर आवश्यकतानुसार बच्चे और अभिभावकों की काउंसलिंग भी करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक की भूमिका केवल पढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों की समस्याओं को पहचानकर उन्हें सही दिशा देना भी उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
दो दिवसीय कार्यशाला शिक्षकों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रही। दोनों रिसोर्स पर्सन ने अपने अनुभव और गतिविधि आधारित शिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को नई शिक्षण तकनीकों की जानकारी दी। विद्यालय परिवार ने दोनों विशेषज्ञों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह कार्यशाला शिक्षकों के कौशल विकास और शिक्षण की गुणवत्ता को बेहतर बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुई।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










