बुलन्दशहर : 4 / अक्टूबर / 2025 : सेवा समिति (रजि.) खुर्जा, जिसकी स्थापना वर्ष 1918 में महान शिक्षाविद् एवं समाजसेवी पंडित मदन मोहन मालवीय जी के मार्गदर्शन में की गई थी, आज भी निरंतर समाज सेवा में अग्रणी भूमिका निभा रही है। समिति द्वारा ग्रीष्मकाल में शीतल जल व शरबत वितरण, धार्मिक आयोजनों में जनसेवा, कोरोना काल के दौरान टीकाकरण शिविरों का आयोजन, खाद्यान्न, वस्त्र, कंबल एवं आवश्यक सामग्री का वितरण तथा ‘नेकी की दीवार’ जैसी पहल के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा की जाती रही है। इसी श्रृंखला में दिनांक 3 अक्टूबर की सायं सेवा समिति कैंप, रामलीला मैदान खुर्जा में “पूर्व सैनिक सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। समारोह के आयोजक समिति के वरिष्ठ सदस्य एवं पूर्व नायब तहसीलदार लाल बहादुर सक्सेना जी रहे। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का सम्मान स्मृति चिन्ह व फूलमालाओं द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेविका एडवोकेट रंजना सिंह उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में श्री कपिल मित्तल सर्राफ, श्री जितेंद्र बंसल (एडवोकेट), श्री सतीश सोलंकी (एडवोकेट) तथा समाजसेवी श्री मुकुल सक्सेना शामिल रहे। कार्यक्रम की सफलता में समिति के अध्यक्ष महेश भार्गव, सचिव प्रियदर्शन भारद्वाज, कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार गौतम, मीडिया प्रभारी डी.सी. गुप्ता (कांटे वाले), प्रमोद भारद्वाज गुरुजी, अनिल सक्सेना (एडवोकेट), लाल बहादुर सक्सेना, केहर सिंह राणा एवं अन्य पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। समिति द्वारा विशेष अवसरों पर लगाए जाने वाले सेवा शिविरों में चिकित्सा सुविधा, शीतल जल वितरण के साथ-साथ खोये हुए बच्चों को सुरक्षित उनके अभिभावकों तक पहुँचाने की व्यवस्था भी की जाती है। इस सम्मान समारोह ने, न केवल पूर्व सैनिकों के प्रति आभार व्यक्त किया, बल्कि सेवा समिति की जनसेवा की परंपरा को भी और सशक्त किया।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












